फिजियो थेरेपी, बीएमडी, बेरा जांच की सुविधाएं बढ़ाने के दिये निर्देश
जिला दिव्यांग पुर्नवास केन्द्र में दिव्यांगजनों के लिए बढ़ायी जायें सुविधाएं-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। आज जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की जिला प्रबंधन समिति की बैठक जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जनपद के जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में दिव्यांग जनों के लिए सुविधाएं बढ़ायी जायें। उन्होने बेरा जांच की एक और मशीन स्थापित करने, फिजियोथेरेपी के उपकरण बढ़ाने और बीएमडी मशीन स्थापित करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि जनपद के 60 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों के लिए वयोश्री योजना के अन्तर्गत कैंप ब्लाकवार लगवाकर बुजुर्गजनों को उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराये जायें।
मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने बैठक में निर्देश दिये कि जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की जाये। जिन विद्यालयों में आवश्यक हो वहां पर दिव्यांग जनों के लिए कक्षायें प्रारंभ कराई जायें। डीडीआरसी की आय बढ़ाने के लिए यथा संभव प्रयास किए जायें। बैठक का संचालन रेडक्रॉस सचिव/आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने किया।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ के के वर्मा, प्रबंधक अग्रणी बैंक जुगल किशोर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सेवायोजन अधिकारी सचिन चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीके दास, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी डॉ अजीत कुमार, कोषाध्यक्ष रेडक्रॉस सोसायटी रवि कुमार मिश्र उपस्थित रहे।
































