रिपोर्ट:गजेन्द्र गुप्ता
महराजगंज: जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में परसामलिक पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक स्विफ्ट डिजायर कार से भारी मात्रा में चरस बरामद किया है। बरामद चरस का वजन 48.686 किग्रा बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है।

*मध्य रात्रि को रात को बिछाया गया जाल*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौतनवा CO अंकुर गौतम और परसामलिक एसओ अभय नारायण सिंह को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि सेखुआनी टोला शंकरपुर से कार के जरिए मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप कहीं बाहर भेजी जाने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गुरुवार की आधी रात को ही सेखुआनी चौराहे के शंकरपुर मोड़ पर कड़ा पहरा बैठा दिया।
*कार की तलाशी में खुला राज*
देर रात शंकरपुर मोड़ की तरफ से एक स्विफ्ट डिजायर कार आती दिखाई दी। पुलिस ने संदिग्ध लगने पर उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देख चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। जब कार की गहन तलाशी ली गई, तो उसमें छिपाकर रखी गई 48.686 किलो चरस बरामद हुई।
*मुख्य आरोपी गिरफ्तार, रैकेट की तलाश जारी*
पकड़ा गया युवक राकेश यादव, ग्राम पंचायत सेखुआनी (टोला शंकरपुर) का निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय चालान भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह चरस कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ पहुँचाया जाना था। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे कोई बड़ा अंतरप्रांतीय या अंतरराष्ट्रीय गिरोह हो सकता है।
*टीम में ये रहे शामिल*
इस सफल ऑपरेशन में मुख्य रूप से थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह, सेवतरी चौकी प्रभारी अरुण कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल सुभाष यादव, अनिल यादव, कांस्टेबल विकास यादव और नितीश कुमार शामिल रहे।





























