बस्ती में बर्खास्त सिपाही ने वर्दी पहनकर की ठगी:NSSO में नौकरी का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र सौंपा, 1.84 लाख रुपये ठगे

2
Advertisement

बस्ती में एक बर्खास्त पुलिस सिपाही को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण संगठन (NSSO) में संविदा क्षेत्र प्रवेक्षक के पद पर नौकरी का झांसा देकर दो युवकों से 1.84 लाख रुपये ठगे थे। लालगंज पुलिस ने उसे फर्जी नियुक्ति पत्र के साथ पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अजय कुमार जायसवाल पुत्र स्व. अशर्फीलाल जायसवाल, निवासी बलीपुर गायत्रीनगर, थाना कोतवाली नगर, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसे वर्ष 2024 में पुलिस विभाग से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बावजूद, वह पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को NSSO में एक प्रभावशाली व्यक्ति बताता था।

पीड़ित अश्वनी दूबे (संतकबीरनगर निवासी) और उनके मित्र विनोद कुमार (देवरिया निवासी) ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात आरोपी से 27 जनवरी 2026 को लखनऊ की टेढ़ी पुलिया पर हुई थी। आरोपी ने उनसे ऑनलाइन और नकद मिलाकर कुल 1,84,000 रुपये लिए और 6 फरवरी को उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप दिए। संदेह होने पर जब पीड़ितों ने गोरखपुर स्थित NSSO कार्यालय में इन पत्रों की जांच कराई, तो वे जाली पाए गए।

यहां भी पढ़े:  मिशन शक्ति फेज–5.0 : महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में श्रावस्ती पुलिस का सशक्त अभियान*

19 फरवरी को आरोपी निपनिया भट्ठे के पास दोबारा कुछ और नियुक्ति पत्र देने और अतिरिक्त पैसे लेने पहुंचा। इस दौरान भी वह पुलिस की वर्दी में था, लेकिन उसकी नेम प्लेट पर ‘राहुल कुमार’ लिखा था। पीड़ितों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।

क्षेत्राधिकारी कुलदीप यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने की पुष्टि हुई है। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि किसी भी नौकरी के नाम पर पैसे देने से पहले संबंधित विभाग से उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य कर लें।

Advertisement