बस्ती में अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत:लखीमपुर खीरी का रहने वाला था, हादसे के बाद चालक मौके से फरार

2
Advertisement

बस्ती के बहादुरपुर क्षेत्र में बेइली गांव के पास लुम्बनी-दुद्धी मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में 50 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा थाना क्षेत्र स्थित भैरमपुर निवासी महेश पुत्र बोधन के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, महेश पिछले तीन वर्षों से बेइली स्थित एक कंक्रीट भट्ठे पर काम कर रहे थे। गुरुवार दोपहर लगभग एक बजे वह किसी काम से सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि महेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर कलवारी थाना के थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में दुख छा गया है।



Advertisement