**
महराजगंज:
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आज शनिवार को थाना पुरन्दरपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार में हथियारों की साफ-सफाई व रखरखाव, अभिलेखों का संधारण, मालखाना में जब्त सामान की सुरक्षा व्यवस्था, हवालात की स्वच्छता व सुरक्षा, पुलिसकर्मियों की मेस और बैरक, महिला हेल्प डेस्क के संचालन तथा सीसीटीएनएस (CCTNS) सिस्टम की कार्यप्रणाली की जांच की गई। साथ ही थाने के विभिन्न रजिस्टर और फाइलों का भी अवलोकन किया गया।
डीएम और एसपी ने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर जनसमस्याएं सुनने और आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने क्षेत्र में सक्रिय हिस्ट्रीशीटर, चोर-उचक्कों और शातिर अपराधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान थाने के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण, जनता की सेवा और थाना कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।





























