* जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार जनपद की होनहार एवं उत्कृष्ट खिलाड़ी नैना द्विवेदी को जिला क्रीड़ाधिकारी शिवकुमार यादव द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में कार्यक्रम आयोजित कर साइकिल प्रदान की गई। यह आयोजन खिलाड़ियों के कल्याण एवं खेलों के विकास के उद्देश्य से आयोजित किया गया। जिला क्रीड़ाधिकारी ने कहा कि नैना द्विवेदी जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी जनपद के लिए गर्व का विषय हैं। साइकिल जैसी सुविधा प्रदान करना खिलाड़ियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके दैनिक अभ्यास को सुगम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि खेल विभाग का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को समान अवसर उपलब्ध कराना है। 
उन्होने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भविष्य में भी खिलाड़ियों को खेल सामग्री, प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और अनुशासन व मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। नैना द्विवेदी ने इस सहयोग के लिए जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वह आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद श्रावस्ती का नाम प्रदेश व देश स्तर पर रोशन करेंगी।






























