रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।
निचलौल (महाराजगंज)। थाना क्षेत्र के ओबरी गांव में शुक्रवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर किशोरी का शव छत की कुंडी से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी शाम करीब साढ़े चार बजे हुई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, मृतका ओबरी स्थित एक मकान में साफ-सफाई और देखभाल का काम करती थी। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे जब मकान मालिक घर पहुंचे, तो उन्होंने किशोरी को फंदे से लटका देखा। बदहवास हालत में उन्होंने तुरंत इसकी सूचना निचलौल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (CO) शिव प्रताप सिंह और थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने गहनता से घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है,जिससे वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि, “फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।”






























