रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।
निचलौल (महराजगंज)सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के मधवलिया वन क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम औराटार में बीती रात करीब तीन बजे छापेमारी कर टीम ने अवैध साखू लकड़ी की तस्करी का पर्दाफाश किया। इस दौरान टीम ने एक पिकअप वाहन में लदी साखू की लकड़ी बरामद की और मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। वन क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार के नेतृत्व में मुखबिर की सटीक सूचना पर यह ऑपरेशन चलाया गया। बताया जा रहा है कि शातिर तस्कर राजुल वर्मा के घर पर लकड़ी को पिकअप वाहन में लादा जा रहा था, तभी टीम ने घेराबंदी कर ली। मौके से 9 बोटा साखू लकड़ी बरामद की गई है, जिसे रेंज परिसर में सुरक्षित रखवा दिया गया है।पकड़े गए आरोपितों लीलाराम शर्मा (58): निवासी ग्राम जदलू, थाना चिनाग, जिला शिमला (हिमाचल प्रदेश) तथा दूसरा आदर्श पांडेय (36): निवासी सिसवा बाजार, थाना कोठीभार निवासी हैं।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आदर्श पांडेय का सीधा संबंध इलाके के शातिर तस्कर राजुल वर्मा और बृजेश पासवान से है। तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन सोनू मिस्त्री का बताया जा रहा है, जिसे किराए पर लिया गया था।वन विभाग ने आरोपितों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस सफल कार्रवाई में डिप्टी रेंजर अभिषेक सिंह, वन दारोगा राजेश तिवारी, मोहम्मद कलाम, माली जान मोहम्मद और नवीन उपाध्याय सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
























