बस्ती में गन्ना लदा ट्रक अनियंत्रित होकर झुका:कप्तानगंज ब्लॉक में सड़क किनारे धंसी मिट्टी से हादसा टला

1
Advertisement

बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक अंतर्गत रखिया–पोखरा मार्ग पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। मरवटिया पांडेय गांव के पास गन्ना लादकर मोती नगर, अयोध्या जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पूरी तरह झुक गया। यह घटना दोपहर लगभग 12:00 बजे हुई।

जानकारी के अनुसार, ट्रक में गन्ना अत्यधिक ऊंचाई तक लदा हुआ था। मरवटिया पांडेय गांव से लगभग एक किलोमीटर आगे बढ़ते ही सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक एक ओर लटक गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि ट्रक चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण पिंटू पांडे, राम बुझारत गुप्ता और मिंकू ओझा सहित कई लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने रस्सियों के सहारे ट्रक को पलटने से रोकने का प्रयास किया। तस्वीरों में ट्रक की खतरनाक स्थिति और ग्रामीणों द्वारा उसे संभालने के प्रयास स्पष्ट देखे जा सकते हैं।

हैरानी की बात यह रही कि इतनी जोखिम भरी स्थिति के बावजूद राहगीर और दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर उसी मार्ग से गुजरते रहे। यदि ट्रक अचानक पलट जाता तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।

Advertisement