*सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपेक्षित तैयारियाँ समयबद्ध ढंग से करें पूरी-जिलाधिकारी*
श्रावस्ती, 24 फरवरी, 2026। जिले में आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। इस बैठक में विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान जनगणना-2027 की समयावधि, चार्ज निर्धारण, पदानुक्रम, मेट्रिक्स, स्व-गणना प्रक्रिया, गतिविधियों की निगरानी, प्रगणक व सुपरवाइजर सहित अन्य कार्मिकों की भूमिका और प्रशिक्षण कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। जनपद में 2 मास्टर ट्रेनर क्रमशः राकेश कुमार, सहायक अभियन्ता, बाढ खण्ड श्रावस्ती एवं सर्वेश कुमार, अनुदेशक, आई0टी0आई0 भिनगा नियुक्त किया गया है। दोनों मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण दिनांक 09 से 12 मार्च, 2026 तक मुख्यालय स्तर पर लखनऊ में है।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपेक्षित तैयारियाँ समयबद्ध ढंग से पूरी करें। उन्होंने यह भी बताया कि यह जनगणना पहली बार पूरी तरह से डिजिटल मोड में आयोजित की जाएगी, जिसमें नागरिकों के लिए स्व-गणना का भी प्रावधान होगा। इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनेगी।
उन्होने बताया कि आगामी जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना 22 मई से 20 जून, 2026 तक होगी। द्वितीय चरण में जनसंख्या और जाति गणना 9 से 28 फरवरी, 2027 तक होगी। इसके बाद 1 से 5 मार्च, 2027 तक पुनरीक्षण राउंड चलाया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) अमरेन्द्र कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी क्रमशः संजय कुमार, प्रवीण यादव, एस0के0 राय, पीयूष जायसवाल, आशीष भारद्वाज, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार यादव सहित समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद स्तरीय अधिकारीगण व कर्मचारी उपस्थित रहे।



























