पुलिस अधीक्षक *श्री राहुल भाटी* के निर्देशन में *क्षेत्राधिकारी लाइन/कार्यालय श्री संजय सिंह* ने पुलिस कार्यालय सभागार में जनपद के प्रमुख व्यवसायियों सर्राफा/पेट्रोल पंप/गैस एजेंसी एवं ईंट भट्ठा स्वामियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के संबंध में गोष्ठी की।
सर्वप्रथम क्षेत्राधिकारी ने विभिन्न थाना क्षेत्र से आए सभी व्यापारी बंधुओ से उनका परिचय प्राप्त कर कुशलक्षेम जाना तत्पश्चात व्यापारियों से उनके क्षेत्र में आ रहीं प्रमुख समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। गोष्ठी में प्रमुख तौर पर व्यापारी बंधुओ द्वारा यातायात, सड़क अतिक्रमण, टैक्सी/बस स्टैंड की व्यवस्था न होने तथा थाना/चौकियों पर निरंतर बैठक न होने जैसी समस्याओं से क्षेत्राधिकारी को अवगत कराया। उपरोक्त समस्याओं को जानने के पश्चात क्षेत्राधिकारी ने भीड़-भाड़ वाले स्थानों/बाजारों/कस्बों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण हटवाने, बाजारों की सुरक्षा के लिए रात्रि में पुलिस गस्त/पिकेट बढ़ाने, बैंक/एटीएम के आस-पास निरंतर संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग करने तथा थाना/चौकियों पर व्यापारी वर्ग की समस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर मासिक गोष्ठी किए जाने के संबंध में व्यापारी बंधुओ को आश्वस्त किया। इसके अतिरिक्त क्षेत्राधिकारी ने व्यापारी बंधुओ को बताया कि *त्योहार होली व रमजान के दृष्टिगत बाजारों, कस्बो व सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाएगी व पुलिस निरंतर भ्रामणशील रहेगी आमजन को हर संभव सहयोग दिए जाने तथा उनके साथ सद्व्यवहार किए जाने का भी आश्वासन दिया गया तथा त्यौहार को शांति एवं सौहार्दपूर्ण बनाने की अपील की गई।*
सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी सर्राफा/पेट्रोल पंप/गैस एजेंसी/ईंट भट्ठा व्यवसायियों से गार्डों/चौकीदारों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने तथा बाल श्रम न कराने का अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त किसी भी *अप्रिय घटना जैसे: चोरी व लूट आदि की रोकथाम* हेतु *प्रत्येक व्यवसायी को ऑपरेशन त्रिनेत्र के अन्तर्गत अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिये प्रेरित भी किया*। साथ ही साथ क्षेत्राधिकारी ने जन सहयोग से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के लिए सभी व्यापारी बंधुओ को धन्यवाद भी दिया, अग्निकांड जैसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी व्यापारी बंधुओ से सुरक्षा के उपकरणों को अपने संस्थान पर लगाने तथा ऑनलाइन ठगी/साइबर अपराध से बचने के लिए अपना ओटीपी किसी से शेयर न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी बैंक डिटेल किसी अनजान से शेयर न करने के संबंध में भी निर्देशित किया।
इस दौरान श्री मिथिलेश कुमार शुक्ला जिला अध्यक्ष उद्योग व्यापार मंडल श्रावस्ती,श्री विनोद साहू जिला महामंत्री व्यापार मंडल, श्री आलमगीर, श्री राजेश कुमार रस्तोगी, श्री मोहसिन रजा खाँ, श्री अरविंद गुप्ता, श्री घनश्याम रस्तोगी सहित अन्य व्यापारी बंधु, प्रभारी यूपी 112 श्री राम नवल यादव, यातायात प्रभारी मोहम्मद शमीम एवं थानों से आये अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।































