रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।
महराजगंज।निचलौल थाना क्षेत्र स्थित डोमा काटी गांव में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब 5 घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और प्रशासन के हाथ-पांव फुला दिए। अंततः पुलिस के हस्तक्षेप और शादी के आश्वासन के बाद युवती नीचे उतरी।हमारे प्रतिनिधि के मुताबिक युवती और गांव के ही रहने वाले युवक फारुक के बीच पिछले 12 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिजनों की रजामंदी से एक साल पहले उनकी शादी भी तय हो गई थी। लेकिन अचानक तीन दिन पहले प्रेमी फारुक ने शादी से इनकार कर दिया और भागने की कोशिश करने लगा। प्रेमी की बेरुखी से आहत होकर युवती शुक्रवार सुबह टावर पर चढ़ गई।टावर पर चढ़ी युवती ने ऊपर से एक पर्ची नीचे फेंकी, जिसमें उसने अपना दर्द बयां किया था। पर्ची में लिखा था:
> “फारुक, अगर शादी नहीं करनी थी तो 12 साल तक प्यार क्यों किया? अब भागने से कुछ नहीं होगा। अगर तुम वापस नहीं आए तो मैं तुम्हारे नाम का जहर खा लूंगी। तुम्हारे चक्कर में तुम भी फंस जाओगे।”
घटना की सूचना मिलते ही निचलौल थाना पुलिस और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने युवती द्वारा दी गई पर्ची के आधार पर प्रेमी फारुक को फोन कर मौके पर बुलाया। सुबह करीब 9:30 बजे जब फारुक वहां पहुंचा तब भी युवती नीचे उतरने को तैयार नहीं थी। उसे डर था कि नीचे उतरते ही प्रेमी फिर भाग जाएगा।इस पर पुलिस अधिकारियों ने युवती को भरोसा दिलाया कि “तुम नीचे आओ, हम तुम्हारा निकाह यहीं कराएंगे।” पुलिस के इसी आश्वासन और प्रेमी के सामने आने के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतरी।नीचे उतरते ही पुलिस ने एहतियात के तौर पर युवती और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। पुलिस दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर बातचीत कर रही है।





























