*पुलिस अधीक्षक श्री राहुल भाटी* के निर्देशन में जनपद श्रावस्ती के *राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में अमर उजाला फाउंडेशन* के सहयोग से *मिशन शक्ति 5.0* अभियान के अंतर्गत साइबर जागरूकता एवं यातायात सुरक्षा विषयक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में *अपर पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश चंद्र उत्तम* द्वारा छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा गया कि वर्तमान डिजिटल युग में महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों के प्रति सजग एवं सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को *ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, फर्जी कॉल/लिंक, साइबर बुलिंग तथा व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता* बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर *यातायात नियमों के कड़ाई से पालन, दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, सुरक्षित वाहन संचालन तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों* पर विशेष रूप से बल दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं महिला सहायता हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिसमें
महिला हेल्पलाइन – 1090,
आपातकालीन सेवा – 112,
चाइल्ड हेल्पलाइन – 1098,
साइबर अपराध हेल्पलाइन – 1930
के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया तथा आवश्यकता पड़ने पर निर्भीक होकर सहायता लेने हेतु प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर निरीक्षक दिलीप यादव, साइबर थाना, यातायात प्रभारी उ0नि0 मो0 शमीम एवं अमर उजाला फाउंडेशन से श्री जितेंद्र दीक्षित उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास विकसित करना, उन्हें साइबर अपराधों एवं सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखना तथा एक जागरूक, सशक्त एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा।






























