*सीमावर्ती क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अवैध तस्करी को रोकने पर हुई चर्चा*
श्रावस्ती, 30 जनवरी, 2026। सू0वि0। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर बैठक का आयोजन तहसील इकौना अन्तर्गत होटल तुलिप में जिलाधिकारी श्रावस्ती अश्विनी कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती राहुल भाटी, एस0एस0बी0 कमाण्डेंट ए0के0 वरुण, नेपाल देश के सीडीओ बांके दिल कुमार तमंग, सीडीओ डांग विश्व प्रकाश आर्यल, एसपी बांके अंगुर जी0सी0, एस0पी0 डांग दीपक श्रेष्ठा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इण्डो-नेपाल समन्वय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला मजिस्ट्रेट श्रावस्ती ने कहा कि भारत-नेपाल की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाए रखने के लिए सीमा क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सीमा पर रहने वाले नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु दोनों देशों के अधिकारियों के बीच नियमित संवाद की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होने सीमा पार से मुख्यतः मादक पदार्थ, शराब, गोवंश तस्करी आदि की घटनाओं की रोकथाम, मानव तस्करी से जुड़े लोगों पर विशेष निगरानी रखने, नकली मुद्राओं के प्रचलन पर रोक, दोहरी नागरिकता पर रोक लगाने, भारत-नेपाल खुला बार्डर होने के कारण आपराधिक एवं आतंकी तत्वों पर रोक, नेपाल में भारतीय संयुक्त उद्यमों को सुरक्षा प्रोटोकॉल जैसे सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश नियंत्रण प्रणाली, अग्निशमन एवं आपदा प्रबन्धन तथा साइबर सुरक्षा पर ध्यान दिये जाने पर बल दिया गया।
वर्षा ऋतु के दृष्टिगत कुसुम एवं सोनारी बेसिन से जब भी पानी छोड़ा जाता है जिसकी जानकारी साझा न होने के कारण भारतीय क्षेत्र में 4-5 घंटे के उपरान्त राप्ती बैराज पर पानी बढ़ने की जानकारी हो पाती है जिसके सम्बन्ध में जिलाधिकारी द्वारा कुसुम, एवं सोनारी बेसिन के महत्वपूर्ण अधिकारियों से पानी छोड़ने की सूचना का आदान-प्रदान करने हेतु अपेक्षा की। उन्हाने नेपाल प्रशासन से अनुरोध किया गया कि बाढ़ के दौरान जब भी नेपाल द्वारा पानी छोड़ा जाए, उसकी पूर्व सूचना श्रावस्ती जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि तटवर्ती गांवों में अलर्ट जारी कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। नेपाल प्रशासन ने इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त करते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने श्रावस्ती सीमा के वन क्षेत्रों में तस्करी, अवैध कटान, वन्यजीवों का शिकार एवं अवैध आवागमन जैसी समस्याओं को रोकने के लिए सघन निगरानी की जाने हेतु अपेक्षा की।
पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती द्वारा मानव तस्करी विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों की तस्करी, जाली मुद्राओं का प्रचलन आदि महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर सहयोग की अपेक्षा की गयी। उन्होने कहा कि भारत देश से अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर थाना मल्हीपुर एवं थाना सिरसिया क्षेत्र के अन्तर्गत आते है। जिसमें सुईया एवं ककरदरी बार्डर पर विशेष निगरानी रखने हेतु अपेक्षा की गई है।
बैठक के अंत में दोनों देशों के अधिकारियों द्वारा एक दूसरे को स्मृति चिन्ह भेंटकर फोटो सेशन कराया गया।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी धनराज मीणा, अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) अमरेन्द्र कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी क्रमशः आशीष भारद्वाज, पीयूष जायसवाल, एस0के0 राय, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी वी0के0 मिश्र, डिप्टी कमाण्डेंट एस0एस0बी0, सहायक पर्यटन अधिकारी मनीष श्रीवास्तव, औषधि निरीक्षक तथा नेपाल राष्ट्र के डिप्टी इन्वेस्टिगेशन निदेशक बांके हरीश बिष्ट, असिस्टेंट चीफ डिस्ट्रिक्ट अधिकारी महेश कुमार, आर्मड सुपरीटेंडेंट ऑफ पुलिस मनोज कुमार धीतल व शोभा कान्त खनाल सहित अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।






























