नई दिल्ली। वित्त मंत्री सीतारमण द्वारा रविवार को पेश केंद्रीय बजट 2026-27 को सत्ता ने जहां ऐतिहासिक करार दिया वहीं विपक्ष ने इसमें देश में मौजूद समस्याओं और चुनौतयों का ठोस समाधान नहीं देने वाला बताया। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बजट की सराहना की और ऐतिहासिक बताया वहीं कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने बजट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है और कहा है कि इस सरकार के पास अब नए विचार नहीं बचे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा, कि मोदी सरकार के पास अब नए विचारों के नाम पर कुछ भी बचा नहीं है। खड़गे ने कहा, यह बजट देश में मौजूद आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों का कोई ठोस समाधान पेश नहीं करता है।
वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बजट की न सिर्फ सराहना की बल्कि इसे ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा, कि विगत एक वर्ष में जीडीपी में 7.5 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई है। महंगाई पर नियंत्रण रहा है और राजकोषीय घाटा भी काबू में है। सिंधिया ने कहा, कृषि, सेवा और विनिर्माण क्षेत्रों में लगातार मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। इस मायने में बजट ऐतिहासिक है।
रक्षा क्षेत्र में आधुनिकीकरण पर फोकस: राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बजट को जनता की उम्मीदों के अनुरूप बताते हुए कहा, कि यह आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 की मजबूत नींव रखने वाला है। बजट में रक्षा क्षेत्र के लिए 7.85 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है और तीनों सेनाओं के आधुनिकीकरण पर खास फोकस किया गया है।
विकसित भारत का बजट: शिवराज
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह ‘विकसित भारत’ का बजट है। उन्होंने कहा, यह 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर बनाने की मजबूत नींव रखेगा। बजट में सुधारों पर खास जोर दिया गया है। इस बजट में गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं की चिंताओं को केंद्र में रखा गया है।
विकास का रोडमैप : सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र ने आज विकसित भारत का रोडमैप पेश किया। उन्होंने कहा कि यह बजट 145 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाने वाला है। यह आम लोगों और महिलाओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया बजट है, जो जीवन को आसान बनाने वाले सुधारों से परिपूर्ण है।
पीएम के मूल मंत्र को साकार करने वाला बजट: सीएम साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, बजट 2026-27 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ को साकार करने वाला है। ऐसे में यह बजट देश के साथ ही साथ छत्तीसगढ़ के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होगा।
बजट में बंगाल के लिए कुछ नहीं: सीएम ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बजट पर निराशा व्यक्त करते हुए केंद्र पर तीखा हमला बोला और कहा, कि इस बजट के जरिए केंद्र ने बंगाल को कुछ नहीं दिया है। यही नहीं उन्होंने कहा, कि आर्थिक गलियारों को लेकर झूठे दावे किए गए हैं। ऐसे में यह बजट महिला विरोधी, किसान विरोधी और शिक्षा विरोधी है।
रोजगार और स्टार्टअप को मिलेगी ताकत: वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने प्रतिक्रिया में कहा, यह बजट में मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, आईटी सर्विसेज और डेटा सेंटर्स को लेकर किए गए ऐलान ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा, इससे रोजगार और स्टार्टअप को नई ताकत मिलेगी।



























