शेयर बाजार में निवेशकों के 16 लाख करोड़ एक ही दिन में डूबे, सेंसेक्स में 2200 अंक से ज्यादा की गिरावट, निफ्टी भी लुढ़का

7
Advertisement

नई दिल्ली. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग के चलते सोमवार 9 मार्च को एशियाई बाजारों में भारी गिरावट देखने को मिली. दो दिनों के सप्ताहिक अवकाश के बाद खुले भारतीय शेयर बाजार में भी भूचाल आ गया. बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली.

 सुबह जैसे ही बाजार खुला इसमें जबरदस्त गिरावट शुरू हो गई. 5-7 मिनट के भीतर ही सेंक्सेक 2300 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा. जबकि निफ्टी50 700 अंक टूटकर ट्रेड करता दिखा. हालांकि बाद में गिरावट कुछ कम हुई लेकिन तब तक निवेशकों के 16 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो चुके थे.

भारतीय शेयर बाजार शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश के चलते बंद रहा. सोमवार को प्री-ओपनिंग में ही बाजार में गिरावट के संकेत मिलने लगे. क्योंकि उससे पहले एशियाई बाजार में भी भारी गिरावट देखने को मिली. शुक्रवार को सेंसेक्स जहां 78918.90 अंक पर बंद हुआ तो वहीं सोमवार को ये 1862.10 अंक टूटकर 77056.75 के स्तर पर खुला. बाजार के खुलने के 10 मिनट बाद ही इसमें 2480 अंक गिरावट देखने को मिली. उसके बाद ये गिरकर 76450 अंक पर कारोबार करता दिखा. आज सुबह सेंसेक्स का सबसे निचला स्तर 76424.55 और इसका उच्चतर स्तर 77333.85 अंक रहा.

निफ्टी में भी आई भारी गिरावट

वहीं दूसरी ओर निफ्टी50 भी भारी गिरावट के साथ खुला. शुक्रवार को ये 24765.9 अंक पर क्लोज हुआ तो सोमवार को ये 109.5 अंक गिरकर 24656.4 अंक खुला. उसके बाद इसमें जबरदस्त गिरावट शुरू हुई और ये 710 अंक से ज्यादा गिरकर 23740 पर कारोबार करता दिखा. सोमवार सुबह निफ्टी50 का सबसे निचला स्तर 24415.75 अंक पर रहा. जबकि इसका उच्चतम स्तर 24700 अंक पर देखा गया.

इन  शेयर में दिखी सबसे ज्यादा गिरावट

आज सुबह जिन शेयर में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई. उनमें श्रीराम फाइनेंस, अदाणी पोर्ट. इंडिगो, पॉवरग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट लिमिटेड, बजाज फाइनेंस और टाटा कंज्यूमर शामिल हैं. इस दौरान श्रीराम फाइनेंस में 50.60 अंक यानी 5.22 प्रतिशत की गिरावट देखी गई. जबकि अदाणी पोर्ट्स में 54.40 अंक यानी 3.72 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

Advertisement