बांग्लादेश चुनाव में तारिक रहमान की पार्टी को मिली सफलता पर पीएम मोदी ने फोन कर दी बधाई

1
Advertisement

नई दिल्ली/ढाका. बांग्लादेश में कल 13वें संसदीय चुनाव के लिए 299 सीटों पर मतदान कराए गए. चुनाव के परिणामों के अनुसार, घोषित 297 सीटों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके सहयोगी दलों ने कुल 212 सीटें जीती हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, 11 दलों के गठबंधन बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी ने 77 सीटें हासिल कीं. वहीं, इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश ने एक सीट पर जीत दर्ज की और स्वतंत्र उम्मीदवारों ने सात सीटें जीत लीं. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश चुनाव में ऐतिहासिक जीत पर तारिक रहमान को फोन कर बधाई दी एवं उनसे बातचीत की.
 
पीएम मोदी तारिक रहमान से बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि उन्होंने तारिक रहमान से बातचीत की और बांग्लादेश के चुनावों में उनकी उल्लेखनीय जीत पर उन्हें हार्दिक बधाई दी. प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उन्होंने तारिक रहमान को बांग्लादेश की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं और समर्थन भी व्यक्त किया. उन्होंने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में बांग्लादेश विकास और स्थिरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेगा.

यहां भी पढ़े:  यूपी के इस मंदिर में हनुमान जी का स्त्री की तरह होता श्रृंगार, दर्शन के लिए दूर-दूर से आते हैं भक्त, अनोखी कहानी

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत और बांग्लादेश दो निकट पड़ोसी देश हैं, जिनके बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते बेहद गहरे हैं. इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारत ने दोनों देशों के लोगों की शांति, प्रगति और समृद्धि के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई.

अब तक 299 में 213 सीटों पर जीता बीएनपी गठबंधन

बांग्लादेश में संसद चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने बड़ी जीत हासिल की है. पार्टी के नेता तारिक रहमान की अगुवाई में बीएनपी ने सत्ता में वापसी की है, यह पहली बार लगभग दो दशकों बाद हुआ है. ताजा आंकड़ों के अनुसार चुनाव में बीएनपी और उसके सहयोगी दलों ने 299 सीटों में से कम से कम 213 सीटें जीत लीं. वहीं विपक्षी पार्टी जमात-ए-इस्लामी और उसके सहयोगियों को केवल 76 सीटें ही मिलीं.

यहां भी पढ़े:  चांदी में भारी गिरावट, लेकिन सोने की चाल ने सबको चौंकाया! खरीदने से पहले यहाँ देखें नए रेट

ममता बनर्जी ने तारिक रहमान को दी बधाई

बांग्लादेश चुनाव में बीएनपी की जीत के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को तारिक रहमान को बधाई दी. ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बांग्लादेश के मेरे सभी भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई. आप सभी को अग्रिम रमजान मुबारक. इस बड़ी जीत के लिए मेरे तारिके भाई, उनकी पार्टी और सभी दलों को शुभकामनाएं. आप सब खुश और स्वस्थ रहें. उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि भारत और बांग्लादेश के रिश्ते हमेशा सौहार्दपूर्ण बने रहें.

यहां भी पढ़े:  पाकिस्तानी सेना ने तोड़ डाली 40 मस्जिदें, बलूच नेता मीर यार ने लगाया गंभीर आरोप

जुमे की नमाज अदा करने मस्जिद पहुंचे तारिक रहमान

बांग्लादेश में संसदीय चुनाव में बड़ी जीत के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा करने मस्जिद पहुंचे. नमाज के बाद उन्होंने दुआ की और फिर मस्जिद से बाहर निकले. इस दौरान उनके समर्थकों की भीड़ वहां मौजूद रही. लोगों ने उन्हें चुनावी जीत की बधाई दी. नमाज के बाद मस्जिद से बाहर निकलते समय तारिक रहमान ने समर्थकों का अभिवादन किया और शांति व देश की तरक्की के लिए दुआ करने की बात कही. 

Advertisement