अधिवक्ता हत्या मामले के विरोध में इकौना संघ का प्रदर्शन:राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग

1
अधिवक्ता हत्या मामले के विरोध में इकौना संघ का प्रदर्शन:राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग
Advertisement

इकौना (श्रावस्ती): तहसील अधिवक्ता संघ इकौना ने सोमवार को रामपुर और बाराबंकी में अधिवक्ताओं की दिनदहाड़े हत्याओं के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। संघ ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी पीयूष जायसवाल को सौंपा। इस दौरान सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे। संघ अध्यक्ष उदय राज पांडे और महामंत्री राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने बताया कि 11 फरवरी को रामपुर में बार संघ के वरिष्ठ अधिवक्ता फारुख खां की सरकारी कार्यालय में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद, 13 फरवरी को बाराबंकी में शोएब किदवई उर्फ बांबी को भी दिनदहाड़े गोली मार दी गई। इन घटनाओं से प्रदेश भर के अधिवक्ता समाज में असुरक्षा की भावना व्याप्त है। अधिवक्ताओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ होने के बावजूद वे सुरक्षित नहीं हैं। इन हमलों से न्याय प्रक्रिया बाधित हो रही है। उन्होंने जोर दिया कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। संघ अध्यक्ष उदय राज पांडे ने मांग की कि राजस्थान की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। महामंत्री राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने ज्ञापन में कहा कि रामपुर और बाराबंकी में हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी सजा दी जाए। साथ ही, दिवंगत अधिवक्ताओं के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि न्यायालय परिसर और सरकारी कार्यालयों में अधिवक्ताओं की पर्याप्त सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया जाए और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इस अवसर पर पवन कुमार मिश्रा, विजय कुमार द्विवेदी, रामकुमार शुक्ला, ए.के. सिंह, सत्यप्रकाश मिश्र, दूधनाथ यादव, आशुतोष पाठक, सुरेन्द्र मिश्रा, वंशराज शुक्ला, मनोज कुमार सिंह, श्रीधर द्विवेदी, सुधीर शुक्ला, विजय कुमार पांडे, विष्णु कुमार गुप्ता, नीरज शुक्ला सहित कई अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।
यहां भी पढ़े:  बासी रोटी समेत किचन में भूलकर भी ना रखें ये 4 चीजें, खत्म हो जाएगी घर की बरकत, होने लगेंगे झगड़े
Advertisement