श्रावस्ती में NH-730 पर सड़क हादसा:कार-बाइक टक्कर में दो घायल, एक की हालत गंभीर

1
श्रावस्ती में NH-730 पर सड़क हादसा:कार-बाइक टक्कर में दो घायल, एक की हालत गंभीर
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के गिलौला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-730 पर मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। खड़ैला मोड़ के पास इनोवा क्रिस्टा कार और बाइक की टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। यह दुर्घटना दोपहर करीब 3:30 बजे खड़ैला मोड़ स्थित भारत गैस एजेंसी के सामने हुई। तेज रफ्तार इनोवा क्रिस्टा कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, चिकित्सकों ने एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गिलौला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, खड़ैला मोड़ क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने इस स्थान पर यातायात नियंत्रण और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है।
Advertisement