गिलौला में श्रीरामकथा का पंचम दिवस:सीताराम विवाह प्रसंग में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

1
गिलौला में श्रीरामकथा का पंचम दिवस:सीताराम विवाह प्रसंग में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Advertisement

गिलौला (श्रावस्ती) के रामपुर पैड़ा गांव स्थित पेड़ी समय माता मंदिर परिसर में चल रही श्री रुद्र महाराज एवं संगीतमयी श्री रामकथा के पंचम दिवस पर गुरुवार को श्री सीताराम विवाह प्रसंग का वर्णन किया गया। इस अवसर पर दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। कथावाचक श्री श्री 1008 बाबा श्री राम किशोर दास जी महाराज ने भगवान श्रीराम और माता सीता के दिव्य विवाह प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि राम-सीता का मिलन आदर्श दांपत्य, मर्यादा और धर्म का प्रतीक है। महाराज ने बताया कि रामकथा जीवन में प्रेम, समर्पण और संस्कार का महत्व समझने के लिए सर्वोत्तम मार्गदर्शक है। कथा के दौरान संगीतमयी भजनों ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। विवाह प्रसंग के अनुरूप झांकी सजाई गई और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर प्रभु युगल का स्वागत किया। महिलाओं और पुरुषों ने भक्ति गीतों पर झूमते हुए मंगलगान किया। मंदिर परिसर “सीताराम” और “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा। आयोजक महंत श्री लक्ष्मी नारायण दास जी महाराज ने बताया कि कथा का समापन 21 फरवरी को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से आगामी दिनों की कथा और कार्यक्रमों में अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। कथा स्थल पर पंडाल, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। स्थानीय ग्रामीणों और स्वयंसेवकों द्वारा व्यवस्था में सक्रिय सहयोग दिया जा रहा है। पंचम दिवस की कथा को लेकर क्षेत्र में गहरी श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
Advertisement