किसान का शव खेत में पेड़ से लटका मिला:हादसे में सिर पर लगी थी चोट, मानसिक रूप से था परेशान

1
किसान का शव खेत में पेड़ से लटका मिला:हादसे में सिर पर लगी थी चोट, मानसिक रूप से था परेशान
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के सोनवा थाना क्षेत्र के जिगहनिया गांव में 49 वर्षीय किसान दुइजीराम का शव गांव के बाहर एक आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। चंदरखा बुजुर्ग के मजरा जिगहनिया निवासी दुइजीराम बुधवार को अचानक घर से बाहर चले गए थे। परिजनों ने सोचा कि वे थोड़ी देर में लौट आएंगे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं आए तो परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान, गांव से लगभग 800 मीटर दूर खेत की ओर गए ग्रामीणों ने आम के पेड़ से लटकता हुआ उनका शव देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिवार के सदस्यों में शोक व्याप्त हो गया। दुइजीराम कुछ समय पहले प्रदेश से बाहर मजदूरी करते थे। वहां एक सड़क हादसे में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद बहराइच में उनका इलाज कराया गया था। शारीरिक रूप से ठीक होने के बावजूद उनकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रह पाई थी। वह छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाते थे और झगड़ने लगते थे। परिजनों के अनुसार, सड़क हादसे में सिर पर लगी चोट के कारण वह मानसिक तनाव में रहते थे। साथ ही, अपनी छोटी बेटी की शादी को लेकर भी वह काफी चिंतित रहते थे। घटना के दिन घर में किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ था। मृतक के परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं। बड़े बेटे महेश (26) और छोटे बेटे उमेश (24) की शादी हो चुकी है। दो बड़ी बेटियों की भी शादी हो गई है, जबकि छोटी बेटी की शादी अभी बाकी है। दोनों बेटे दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं। घटना के समय एक बेटा घर पर था, जबकि दूसरा परदेश में था। पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement