इकौना में पिकअप की टक्कर से दो छात्र घायल:एक बच्चे की हालत गंभीर, चालक फरार; पुलिस ने शुरू की जांच

4
इकौना में पिकअप की टक्कर से दो छात्र घायल:एक बच्चे की हालत गंभीर, चालक फरार; पुलिस ने शुरू की जांच
Advertisement

शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे 730 पर मोहनीपुर के पास एक अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा सवार दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, थाना इकौना क्षेत्र के माफी पुरवा सोनराई निवासी रमन पांडेय (12) पुत्र धर्मेंद्र पांडेय और मोनी पांडेय (14) पुत्री शिव गणेश पांडेय अन्य बच्चों के साथ ई-रिक्शा से स्कूल जा रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा मोहनीपुर के पास पहुंचा, गिलौला से इकौना की ओर आ रही तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को तत्काल निजी वाहन से इकौना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रमन पांडेय की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया। मोनी पांडेय को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है। अन्य बच्चों को हल्की चोटें आईं, जिनका उपचार निजी अस्पताल में कराया गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
Advertisement