गिलौला क्षेत्र में रमज़ान की रौनक:बाजारों में बढ़ी चहल-पहल, इफ्तार-सहरी की खरीदारी तेज

1
गिलौला क्षेत्र में रमज़ान की रौनक:बाजारों में बढ़ी चहल-पहल, इफ्तार-सहरी की खरीदारी तेज
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के गिलौला ब्लॉक क्षेत्र में पवित्र रमज़ान माह की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही गिलौला बाजार, लक्ष्मण नगर और सिसवारा चौराहा सहित आसपास के सभी बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। पहले रोज़े के अवसर पर रोज़ेदार और उनके परिवारजन इफ्तार व सहरी के सामान की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ पड़े। बाजारों में खजूर, ताजे फल (तरबूज, केला, सेब), शरबत, सेवई, बेसन, चना और पकौड़ी के सामान की दुकानों पर दिनभर अच्छी भीड़ देखी गई। शाम होते-होते बाजारों की रौनक और बढ़ गई, जिससे प्रमुख दुकानों के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय निवासी मोहम्मद लियाकत अली, गोगे, रियाज शाह और जमील ने बताया कि रमज़ान का पहला रोज़ा विशेष महत्व रखता है, इसलिए लोग पहले दिन ही इफ्तार की बेहतर तैयारी करना चाहते हैं। इरफान अहमद ने कहा कि इफ्तार के लिए ताजे फल और खजूर खरीदने को लेकर लोगों में खास उत्साह देखा गया। दुकानदार शिव नारायण गुप्ता के अनुसार, रमज़ान शुरू होते ही कारोबार में तेजी आ जाती है। उन्होंने बताया कि इस बार भी पहले ही दिन से बिक्री संतोषजनक रही। वहीं, शब्बीर खान ने उम्मीद जताई कि पूरे रमज़ान माह में बाजारों में इसी तरह रौनक बनी रहेगी। रमज़ान को इबादत, सब्र और भाईचारे का महीना माना जाता है। रोज़ेदार दिनभर रोज़ा रखने के बाद सूर्यास्त के समय इफ्तार करते हैं और रात में मस्जिदों में तरावीह की नमाज़ अदा की जाती है। गिलौला क्षेत्र में रमज़ान के आगमन से धार्मिक व आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में भी उत्साह है।
Advertisement