गजोबरी पंचायत में बाल कल्याण समिति की बैठक:बाल विवाह, बाल श्रम मुक्त गांव बनाने का संकल्प

1
गजोबरी पंचायत में बाल कल्याण समिति की बैठक:बाल विवाह, बाल श्रम मुक्त गांव बनाने का संकल्प
Advertisement

श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत गजोबरी में ग्राम स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक हुई। यह बैठक देहात इंडिया संस्था के सहयोग से आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता ग्राम प्रधान मोहम्मद अतीक ने की। इसमें विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और समिति सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनीता देवी, एएनएम रीता सोनकर, आशा कार्यकर्ता मंजू यादव, प्रधानाचार्य अखिलेश कुमार यादव और पुलिस विभाग से विजय कुमार लाल शामिल हुए। देहात इंडिया संस्था के मोहम्मद यूसुफ, सारजन वर्मा और सरोज पटेल भी उपस्थित रहे। बैठक में बाल अधिकारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। इसमें बाल विवाह उन्मूलन, बाल श्रम पर रोक, स्कूल छोड़ चुके बच्चों का पुन: नामांकन और किशोरियों के स्वास्थ्य व पोषण में सुधार जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सरकारी योजनाओं से वंचित बच्चों को लाभ दिलाने पर भी बात की गई। पुलिस और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता बढ़ाने और सतर्कता बरतने पर जोर दिया। देहात इंडिया संस्था के प्रतिनिधियों ने बच्चों के हित में चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने ग्राम स्तर पर सामूहिक प्रयासों से बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि ग्राम पंचायत को बाल विवाह मुक्त, बाल श्रम मुक्त और सुरक्षित वातावरण वाला आदर्श ग्राम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसमें गांव के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
Advertisement