महिला ने पड़ोसियों पर मारपीट और धमकी का आरोप लगाया: सिंदुरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, आरोपी फरार – Mohanpur(Nichlaul) News

6
Advertisement

सिंदुरिया थाना क्षेत्र के हड़खोड़ा गांव में एक महिला ने पड़ोसियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि बीते रात करीब आठ बजे उसके पड़ोसी आशीष पुत्र जयगोविंद ने उसके कटरैन पर ईंट फेंकी। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी कुदाल लेकर उसे दौड़ाने लगा। जान बचाकर भागने के दौरान वह गिर गई। इस दौरान आशीष ने उसे मां-बहन की गालियां भी दीं। महिला ने तुरंत डायल 112 पर घटना की सूचना दी थी। पीड़िता का आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब सात बजे, जब घर के पुरुष सदस्य घाट पर स्नान करने गए थे, तभी आशीष पुत्र जयगोविंद उनके घर में घुस आया। उसने पीड़िता के ससुर को उठाकर पटक दिया और हाथ-पैर से बुरी तरह पीटा। इसके बाद आरोपी ने उसकी जेठानी सीमा पत्नी संत कुमार वर्मा को दांत से काटा और गंभीर रूप से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस मामले में थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यहां भी पढ़े:  गौर में सरकारी दवाएं खेत में मिलीं:एडिशनल सीएमओ ने स्टॉक जांचा, सीडीपीओ-आशा को वितरण के लिए थीं
Advertisement