
श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में शनिवार रात एक घर में गैस सिलेंडर में आग लग गई। ग्रामीणों और गैस एजेंसी के कर्मचारियों की सूझबूझ तथा सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, पिपरा गांव निवासी राजकुमार के पुत्र ननकऊ की पत्नी रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से जुड़ी पाइप में लीकेज हो गया, जिससे अचानक सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते रसोई में आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही परिवार के सदस्य अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर भागे और शोर मचाने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुछ ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए जलते सिलेंडर को घर से बाहर निकाला और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस बीच, नजदीकी गैस एजेंसी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एजेंसी के कर्मचारी अग्निशमन उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत रही कि इस आगजनी में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि, सिलेंडर का रेगुलेटर और पाइप पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। परिवार के कुछ सदस्यों को हल्की चोटें आईं, लेकिन समय रहते आग बुझ जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। वहीं, प्रशासन की ओर से लोगों को गैस सिलेंडर और पाइप की समय-समय पर जांच कराने तथा सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।










































