
श्रावस्ती जिले के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र के नासिरगंज कस्बे में स्थित हुसैनिया मस्जिद में रमजान माह के अवसर पर सामूहिक इफतार का आयोजन किया गया। इस आयोजन में शिया समुदाय के बच्चे, युवा और बुजुर्ग रोजेदार बड़ी संख्या में शामिल हुए और सभी ने मिलकर अपना रोजा खोला। इफ्तार से पूर्व मस्जिद में विशेष इबादत और दुआ का आयोजन किया गया। इस दौरान देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की गई।अजान के बाद, रोजेदारों ने खजूर और पानी से अपना रोजा खोला। इसके उपरांत सामूहिक रूप से इफ्तार किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के व्यंजन परोसे गए। मस्जिद कमेटी के सदस्यों ने बताया कि रमजान का महीना आपसी मोहब्बत, सब्र और इंसानियत का संदेश देता है। इसी भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस तरह के सामूहिक इफ्तार का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और सौहार्द का विशेष ध्यान रखा गया।सामूहिक इफ्तार के पश्चात सभी रोजेदारों ने नमाज अदा की। इस अवसर पर क्षेत्र में शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।









































