
श्रावस्ती जनपद के गिलौला थाना क्षेत्र में पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं। न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसे न केवल समझौते के लिए दबाव बनाया गया, बल्कि विरोध करने पर उसके पति को पुलिसकर्मियों ने थप्पड़ भी मारा। पीड़िता का कहना है कि उससे जबरन सुलहनामे पर अंगूठा लगवा लिया गया। महिला ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि उसका चचेरा ससुर उस पर बुरी नजर रखता है। वह रास्ता रोककर अश्लील टिप्पणियां करता है। महिला का आरोप है कि जब वह आरोपी के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंची, तो उसे समझौते के लिए तैयार होने को कहा गया। जब महिला इसके लिए तैयार नहीं हुई, तो एक पुलिसकर्मी ने उसके पति को थाने के अंदर ही थप्पड़ मार दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में दंपत्ति से जबरन सुलहनामे पर अंगूठा लगवा लिया गया। उन्हें यह कहकर घर भेज दिया गया कि आरोपी का चालान कर इकौना भेज दिया गया है। पीड़िता के अनुसार, जब वे घर पहुंचे तो आरोपी पक्ष के लोगों ने जश्न मनाया और तंज कसते हुए कहा कि “हम तो थाने बारात लेकर गए थे।” इस घटना से महिला खुद को सामाजिक रूप से अपमानित और असुरक्षित महसूस कर रही है। इस पूरे प्रकरण पर श्रावस्ती के पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान को सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।










































