श्रावस्ती में झाड़ियों में मिला मजदूर का शव:सिर पर चोट के निशान, नशे का आदी था मृतक

5
Advertisement

जिले के कोतवाली भिनगा क्षेत्र में वर्गी-वर्गा गांव के पास जंगल किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव साइकिल सहित मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यह घटना रविवार को सामने आई। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत कोड़री के मजरा तिवारी पुरवा निवासी 32 वर्षीय पीतांबर पुत्र राम सागर के रूप में हुई है। पीतांबर अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र ढाई साल और एक माह है। परिजनों के अनुसार, पीतांबर शनिवार दोपहर करीब तीन बजे भिनगा बाजार जाने की बात कहकर घर से साइकिल से निकला था। देर रात तक वह वापस नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। हालांकि, रात भर खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला था। रविवार को राहगीरों ने झाड़ियों में साइकिल के साथ युवक का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और परिवार के सदस्यों ने शव की पहचान शनिवार लापता पीतांबर के रूप में की। वहीं घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। साइकिल की रिम टूटी मिली और मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पीतांबर नशे का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में साइकिल अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई होगी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और साइकिल की रिम टूट गई। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
Advertisement