
श्रावस्ती, 01 मार्च, 2026। आगामी होली पर्व के मद्देनजर जनपद में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने फ्लैग मार्च किया। यह मार्च मल्हीपुर, बदला, नासिरगंज, सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने आमजन से सीधा संवाद स्थापित करते हुए शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, अराजकता उत्पन्न करने या कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि होली पर्व शांति और सौहार्द का प्रतीक है, इसे सभी लोग मिल-जुलकर मनाएं। उन्होंने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और किसी भी आशंका की स्थिति में तत्काल अपने क्षेत्र के थानाध्यक्ष या उप जिलाधिकारी को सूचित करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शांति व्यवस्था में बाधा डालने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और ऐसे लोगों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यदि किसी व्यक्ति द्वारा ऐसी कोई पोस्ट की जाती है जिससे शांति और सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा। इस अवसर पर संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।











































