
श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के परसा देवतहा गांव में शनिवार शाम एक पालेशर मशीन में फंसकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अजमेर अली, पुत्र ननकुन, के रूप में हुई है, जो गांव में ही पालेशर मशीन पर मजदूरी करता था। जानकारी के अनुसार, अजमेर अली शनिवार शाम धान कूटने के लिए मशीन चला रहा था। इसी दौरान वह पालेशर मशीन का पट्टा चढ़ा रहा था, तभी उसका हाथ अचानक पट्टे में फंस गया। देखते ही देखते उसका पूरा शरीर मशीन की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मशीन बंद कर अजमेर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष शैलकांत उपाध्याय ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।











































