
श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से 50 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रविवार रात की है, जिसके बाद उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, सागर गांव निवासी अमेरिका प्रसाद (50) पुत्र अवध राम रविवार रात गांव के बाहर एक किराना दुकान पर सामान लेने गए थे। इसी दौरान संतलिया की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अमेरिका प्रसाद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम ने एंबुलेंस सेवा को सूचित किया। मौके पर पहुंची 102 एंबुलेंस (यूपी 32 ईजी 1702) के पायलट राम फेरन और ईएमटी नंदकिशोर ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया। सीएचसी मल्हीपुर में डॉ. खुर्शीद खान ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। फिलहाल, पुलिस अज्ञात मोटरसाइकिल सवार की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच कर रही है।











































