मुंडेरवा नगर पंचायत द्वारा कठनैया नदी के किनारे बनाए गए अंतेष्टि स्थल की सड़क एक साल के भीतर ही जर्जर होकर धंस गई है। यह सड़क अभी पूरी तरह से बनी भी नहीं थी कि इसकी हालत खराब हो गई। नगर पंचायत मुंडेरवा में ठेकेदारों द्वारा निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी का आरोप लग रहा है। अंतेष्टि स्थल की सड़क के अलावा, नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों और कस्बे में बिछाई गई इंटरलॉकिंग भी कई जगहों पर धंस चुकी है। जानकारी के अनुसार, इस अंतेष्टि स्थल का उपयोग अभी तक मुश्किल से तीन से चार शवों के अंतिम संस्कार के लिए ही किया गया है। सड़क की खराब गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में अधिषासी अधिकारी कीर्ति सिंह ने बताया कि सड़क के लिए मिट्टी का पटान नया था और बरसात में पानी भरने के कारण सड़क बैठ गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इसकी मरम्मत कराई जाएगी।









































