
नौतनवां, महराजगंज के मैक्स सिटी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में 4 दिसंबर 2025 को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर पंचायत चेयरमैन बृजेश मणि त्रिपाठी इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन समिति ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। “रक्तदान है प्राणी पूजा, इसके जैसा न दान कोई दूजा” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। अस्पताल के संचालक आनंद प्रकाश उर्फ विकास दुबे ने बताया कि रक्तदान शिविर के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों और तकनीशियनों की एक टीम तैनात रहेगी। रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद ही सुरक्षित रक्त संग्रह किया जाएगा, जिससे रक्त की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मानव सेवा के इस महादान में सहभागी बनने की अपील की है। यह शिविर मैक्स सिटी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर, मां बनैलिया मंदिर के सामने, तहसील रोड, नौतनवां में आयोजित होगा।








































