
सिसवा नगरपालिका के गांधीनगर वार्ड स्थित रामकिशन मेमोरियल चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में सोमवार को एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत कोठीभार पुलिस द्वारा आयोजित किया गया था। इसमें बालक-बालिकाओं को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। इसमें साइबर अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी शामिल की गई। उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 181, ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, ‘सखी-वन स्टॉप सेंटर’, ‘पॉस्को एक्ट’ और ‘मिशन शक्ति’ से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में भी समझाया गया। इसके अतिरिक्त, बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता फैलाई गई। इस अवसर पर संबंधित जानकारी वाले पंपलेट वितरित किए गए। 1090, 1076, 112 और 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया। इस अभियान में कोठीभार पुलिस से उपनिरीक्षक योगेंद्र तिवारी, महिला उपनिरीक्षक लकी पटेल और महिला आरक्षी विंध्यवासिनी शुक्ला सहित मिशन शक्ति टीम के सदस्य शामिल रहे। विद्यालय के प्रबंधक विवेक चौरसिया और शिक्षिका अनुपमा दूबे सहित स्कूल के अन्य कर्मचारी भी इस दौरान मौजूद थे।








































