
बलरामपुर के हरैया सतघरवा विकासखंड के नेवलगंज गांव में वन्यजीवों के हमले से एक परिवार प्रभावित हुआ। घटना की गंभीरता देखते हुए जिलाधिकारी (डीएम) विपिन कुमार जैन तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता का भरोसा दिया। डीएम जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि मानव जीवन सर्वोपरि है, इसलिए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने वन विभाग को गांवों और वन क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने तथा निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम प्रधानों के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के बीच मजबूत समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए गन्ना क्षेत्रों को महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिया कि वन क्षेत्रों से सटे गांवों में गन्ना पर्चियां जल्द वितरित की जाएं और गन्ना कटाई समय पर कराई जाए, ताकि खेतों में वन्यजीवों के छिपने की संभावनाएं कम हों। निरीक्षण के दौरान डीएम ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वन्यजीव की सूचना तुरंत विभाग को दें। इस अवसर पर एसडीएम सदर हेमंत गुप्ता, खंड विकास अधिकारी पल्लवी सचान और वन विभाग के रेंजर मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।








































