देवदह में विकास कार्यों का निरीक्षण: जिलाधिकारी ने दिए अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन केंद्र बनाने के निर्देश – Ekma(Nautanwa) News

2
Advertisement

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को लक्ष्मीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनरसिहा कला स्थित प्राचीन बौद्ध स्थल देवदह में चल रहे विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने विपश्यना हॉल, नवनिर्मित अतिथि गृह, प्राचीन बौद्ध स्तूप, उत्खनन स्थल और जलाशय के सौंदर्यीकरण कार्यों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यटन, राजस्व, उत्खनन और पंचायत विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि देवदह के विकास की योजनाएं धरातल पर तेजी से दिखाई देनी चाहिए। जिलाधिकारी ने देवदह को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बौद्ध पर्यटन केंद्र विकसित करने के लिए विपश्यना हॉल के बगल में लगभग 20 एकड़ भूमि नियमानुसार क्रय करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि भूमि उपलब्ध होने पर यहां पर्यटकों के लिए पार्किंग, ध्यान केंद्र, खुले थिएटर, भोजनालय और वृक्षारोपण जैसे अतिरिक्त विकास कार्य कराए जा सकेंगे। उन्होंने विपश्यना हॉल में गौतम बुद्ध की विशालकाय मूर्ति स्थापित करने का भी निर्देश दिया, जिससे ध्यान और पूजा-अर्चना के लिए आने वाले बौद्ध भिक्षुओं व पर्यटकों को सुविधा मिल सके। जिलाधिकारी ने सुझाव दिया कि प्राचीन जलाशय के मध्य द्वीप जैसे क्षेत्र में गौतम बुद्ध, महामाया और गौतमी प्रजापति की मूर्तियां स्थापित कर परिसर को और अधिक आकर्षक बनाया जाए। उन्होंने जलाशय के सौंदर्यीकरण कार्य में तेजी लाने पर भी बल दिया। इस अवसर पर देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति के अध्यक्ष जितेंद्र राव, महेंद्र जायसवाल और लक्ष्मीचंद्र पटेल ने बौद्ध स्तूप पर पहुंचकर जिलाधिकारी का स्वागत किया। उन्होंने जिलाधिकारी को गौतम बुद्ध की मूर्ति भेंट कर सम्मानित किया। समिति ने बताया कि वर्षों से उपेक्षित यह धरोहर अब तेजी से विकसित हो रही है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी गोरखपुर आरती यादव, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी कृष्ण मोहन दुबे, सीओ अंकुर गौतम, बीडीओ मृत्युंजय यादव, तथा स्थानीय समाजसेवी जितेंद्र राव, महेंद्र जायसवाल, लक्ष्मीचंद्र पटेल, अमित सिंह, ओमप्रकाश सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
यहां भी पढ़े:  डीएम ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया:कई कमियां मिलने पर नाराजगी जताई, कार्रवाई के निर्देश दिए, कहा- जल्द करें सुधार
Advertisement