जंगल से भटककर गांव में सांभर घुसा: ठूठीबारी के धर्मौली टोला में ग्रामीणों में दहशत फैली – Thuthibari(Nichlaul) News

4
Advertisement

ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा ठूठीबारी के टोला धर्मौली में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से भटककर एक सांभर गांव में घुस आया। अचानक आबादी में पहुंचे सांभर को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घबराया सांभर इधर-उधर भागते हुए मनौवर अली के मकान में जा घुसा, जिससे परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। सांभर ने घर के अंदर घुसते ही टीवी, पंखा समेत अन्य घरेलू सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सांभर को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, घबराया सांभर एक घर से निकलकर भागते हुए सरीफ खान के मकान में दोबारा घुस गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मधवलिया रेंज के बीट इंचार्ज वन दरोगा मार्कण्डेय पांडेय ने बताया कि वाचर नरेश, बिरजू और मजबूत को मौके पर भेजा गया था। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को सतर्क करते हुए क्षेत्र को खाली कराया गया और सांभर को खुले रास्ते की ओर मोड़ने का प्रयास किया गया। इसी बीच सांभर ने बड़ी-बड़ी छलांग लगाते हुए गांव से बाहर निकलकर तरहवा जंगल की दिशा में दौड़ लगा दी। उसके जंगल की ओर निकलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दो घरों में घरेलू सामान के टूटने से आर्थिक नुकसान हुआ है। वन दारोगा मार्कण्डेय पांडेय ने बताया कि संभवतः जंगल क्षेत्र में भोजन या पानी की कमी के कारण सांभर भटककर गांव में आ गया था। भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए वन क्षेत्र की निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
यहां भी पढ़े:  महराजगंज में ठंड का प्रकोप जारी, जनजीवन अस्त-व्यस्त: सुबह-शाम तेज गलन, बुजुर्गों-बच्चों को अधिक परेशानी - khutaha(Maharajganj sadar) News
Advertisement