श्रावस्ती में नववर्ष पर पर्यटकों की भारी भीड़:बौद्ध स्थलों पर देशी-विदेशी सैलानियों ने मनाया जश्न

5
Advertisement

श्रावस्ती जनपद नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में नववर्ष का स्वागत बौद्ध स्थली पर धूमधाम से किया गया। गुरुवार को मौसम सुहावना रहा, अच्छी धूप के बीच दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल श्रावस्ती देशी और विदेशी सैलानियों से गुलजार रहा। पर्यटकों ने कहीं केक काटकर तो कहीं रील बनाकर और थिरकते हुए नए साल का अभिनंदन किया। सुबह से शाम तक यहां भारी भीड़ देखने को मिली। इन पर्यटकों में बलरामपुर, बहराइच, गोंडा, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, कानपुर सहित अन्य क्षेत्रों के लोग शामिल थे। श्रावस्ती स्थित जेतवन विहार के गंध कुटी, आनंद बोधि वृक्ष, संघाराम, राहुल कुटी, उपाली कुटी, सारीपुत्त स्तूप जैसे स्थलों पर सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ी। महेट के सुदत्त सेठ स्तूप, अंगुलीमाल और संभवनाथ कुटी में भी ऐसी ही स्थिति रही। इसके अतिरिक्त, ओड़ाझार, विश्व शांति घंटा पार्क सहित थाईलैंड बुद्ध मंदिर, श्रीलंका बुद्ध मंदिर, चाइना बुद्ध मंदिर, कोरिया बुद्ध मंदिर, कंबोडिया बुद्ध मंदिर और जैन दिगंबर मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखी गई। जेतवन परिसर में युवक-युवतियां सेल्फी लेने और रील बनाने में व्यस्त रहे। नववर्ष के अवसर पर श्रावस्ती के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर उमड़ी देशी-विदेशी पर्यटकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सड़क पर लगे जाम को हटवाने के लिए पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

यहां भी पढ़े:  बलरामपुर में मिलावटी मिठाइयों पर कार्रवाई:मेसर्स भारत स्वीट्स का लाइसेंस निलंबित, राम मिष्ठान भंडार के खिलाफ प्रक्रिया शुरू
Advertisement