बस्ती में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में विश्व हिंदू महा संघ के जिलाध्यक्ष की बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई धर्म विशेष और समुदाय विशेष के खिलाफ मानहानिकारक पोस्ट के मामले में की है। पीड़िता शमीम बानो उर्फ शमा खान,पत्नी अजहर हुसैन, निवासी कटरा, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती ने आरोप लगाया है कि ‘साधना सिंह’ और ‘कलहंस सिंह’ नाम के सोशल मीडिया अकाउंट्स से एक आपत्तिजनक पोस्ट साझा की गई थी। इस पोस्ट में मुस्लिम समुदाय, विशेषकर मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ अभद्र, आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। वादी का यह भी आरोप है कि उक्त पोस्ट शरारती तत्वों द्वारा प्रायोजित है और इससे उन्हें तथा उनके परिवार को जान का खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।






































