62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भिनगा द्वारा आयोजित प्री-रिक्रूटमेंट ट्रेनिंग कार्यक्रम का समापन गुरुवार को बाह्य सीमा चौकी तरुसमा में हुआ। यह कार्यक्रम भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के युवाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस अवसर पर सीमावर्ती क्षेत्र के 395 युवक-युवतियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कमान्डेंट, 62वीं वाहिनी एसएसबी के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करना था, ताकि वे सशस्त्र बलों में चयन के लिए तैयार हो सकें। समारोह को संबोधित करते हुए कार्यवाहक कमान्डेंट ललेंद्र रत्नाकार ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल केवल सीमाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के उपरांत युवाओं में जो जोश और अनुशासन दिखाई दे रहा है, वह एसएसबी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने सीमावर्ती युवाओं को सही दिशा देने में एसएसबी की भूमिका को सराहनीय बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षित युवाओं ने सशस्त्र सीमा बल में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा करने का संकल्प लिया।
Home उत्तर प्रदेश एसएसबी ने सीमावर्ती युवाओं को दिया प्रशिक्षण:भारत-नेपाल सीमा पर प्री-रिक्रूटमेंट ट्रेनिंग का...





































