बस्ती नगर थाना पुलिस ने अवैध देशी शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 1 जनवरी 2026 को कचूरे चौराहा क्षेत्र में की गई, जहां 21 पाउच नाजायज देशी शराब जब्त की गई। उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार अपने हमराह कांस्टेबल चंद्रकांत पांडे के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली कि शराब भट्ठी के पास एक दुकान में अवैध रूप से देशी शराब बेची जा रही है। सूचना पर विश्वास कर पुलिस टीम मुखबिर के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मुखबिर पीछे हट गया और दुकान पर मौजूद व्यक्ति सकपका गया। तलाशी लेने पर पकौड़ी एवं नाश्ते की दुकान से ‘बंटी बबली’ ब्रांड की 21 पाउच देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान प्रेमचंद पुत्र रामप्रकाश, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी ग्राम मटेरा, थाना नगर, जनपद बस्ती के रूप में बताई। आरोपी शराब बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका और अपनी गलती स्वीकार करता रहा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज किया। जब्त की गई 21 पाउच शराब में से एक पाउच को नमूने के तौर पर सील किया गया। मौके पर मौजूद लोगों से गवाही के लिए कहा गया, लेकिन किसी ने सहयोग नहीं किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को मौके पर ही जमानत मुचलका भरवाकर छोड़ दिया गया। बरामदगी और गिरफ्तारी की फर्द मौके पर तैयार कर संबंधितों के हस्ताक्षर कराए गए। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।






































