‘UGC से शिक्षा के मंदिरों में मिलेगा जातिवाद को बढ़ावा’: महराजगंज में बिल के खिलाफ सवर्ण समाज का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन – Rudhauli Bhawchak(Maharajganj sadar) News

4
Advertisement

महराजगंज जिला मुख्यालय पर सवर्ण समाज के लोगों ने UGC बिल के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान सवर्ण समाज ने डीएम संतोष कुमार शर्मा के जरिये राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि यह बिल पास किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम जैसे आंदोलन उग्र करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। ज्ञापन में कहा गया है कि भारत सरकार की ओर से 13 जनवरी को जारी UGC बिल की अधिसूचना से सवर्ण समाज आक्रोशित और दुखी है। समाज का मानना है कि इस अधिसूचना के लागू होने से शिक्षा के मंदिरों में जातिवाद को बढ़ावा मिलेगा और इसका दुरुपयोग होने की आशंका भी है। इससे समाज में आपसी भाईचारा कमजोर होगा और वैमनस्य बढ़ेगा। सवर्ण समाज ने मांग की कि इस अधिसूचना को तत्काल वापस लिया जाए, क्योंकि यह समाज हित और राष्ट्र हित में न्यायोचित नहीं है। इस पर जिला अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सवर्ण समाज को आश्वासन दिया कि उनका पत्र राष्ट्रपति महोदया को नई दिल्ली भेज दिया जाएगा। इस मौके पर रिंकू दुबे, अमरेंद्र बहादुर सिंह, संदीप पांडे, कृष्ण प्रताप सिंह, विकास प्रताप सिंह, गोलू सिंह, प्रकाश सिंह, रुपेश पटेल, रणवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग उपस्थित रहे।
Advertisement