सदर विधायक ने बाल विवाह मुक्ति रथ को रवाना किया:सिद्धार्थनगर में यह रथ 30 दिनों तक दुष्परिणामों से अवगत कराएगा

3
Advertisement

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देश भर में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त राष्ट्र बनाना है। इसी क्रम में सदर विधायक श्याम धनी राही ने बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मानव सेवा संस्थान द्वारा जिले में “बाल विवाह मुक्ति रथ” का संचालन किया जा रहा है। यह रथ लगभग 30 दिनों तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण करेगा, जिसका उद्देश्य जन-जन को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराना है। इस अवसर पर सदर विधायक श्याम धनी राही ने कहा कि यह अभियान केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी बेटियों के भविष्य, शिक्षा और सम्मान की रक्षा का एक सशक्त संकल्प है। उन्होंने जोर दिया कि जब हम एक बच्चे का बचपन बचाते हैं, तब हम एक पूरी पीढ़ी को शिक्षित, स्वस्थ और सशक्त बनाते हैं। विधायक ने आगे कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुप्रथा नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और मानवाधिकारों पर गहरा प्रहार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान समाज के लिए एक अत्यंत सकारात्मक, प्रेरणादायी और प्रभावशाली संदेश देगा। मानव सेवा संस्थान के कार्यकारी निदेशक पुरु मयंक त्रिपाठी ने अभियान को हरी झंडी दिखाने के लिए सदर विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के संदीप कुमार मद्धेशिया, अरुण कुमार मद्धेशिया, ग्राम प्रधान झंगटी अरविंद तिवारी, प्रधान विशुनपुर राजेश यादव, हेमंत सिंह, प्रधान अनिल कुमार गुप्ता, प्रधान प्रतिनिधि अशोक कुमार, जेई सुधांशु पाठक, सर्वजीत, मंटू विश्वकर्मा सहित कई स्टेकहोल्डर्स और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
Advertisement