
श्रावस्ती जनपद के सोनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नासिरगंज-बर्देहरा मार्ग पर धूमबोझी के पास बीती रात एक बालू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक में सवार दो लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना देर रात करीब दो बजे हुई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक में चालक समेत दो व्यक्ति सवार थे, जिन्हें चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल भिनगा भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है। सोनवा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।











































