
श्रावस्ती पुलिस ने एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी इरफान पुत्र अब्दुल रहमान को मल्हीपुर थाना पुलिस ने माल्ही चौराहा से पकड़ा। उस पर शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने का आरोप है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम और क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश कुमार शर्मा के कुशल निर्देशन में मल्हीपुर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। घटना के संक्षिप्त विवरण के अनुसार, आरोपी इरफान ने वादिनी की नाबालिग बेटी को शादी का झांसा दिया और उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता के गर्भवती हो जाने पर आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। जब परिवार वालों ने शादी के लिए कहा, तो उसने उन्हें गाली दी और जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में मल्हीपुर थाने में मु0अ0स0-37/2026 धारा 64(2)(m), 351(3), 352 बीएनएस व 5(L)/6, 5(j)(ii)/6 पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्त इरफान सोनपुर कला, थाना मल्हीपुर, जनपद श्रावस्ती का निवासी है। उसे संबंधित माननीय न्यायालय श्रावस्ती के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया।











































