
श्रावस्ती जिले के गिलौला क्षेत्र स्थित शांति देवी मॉडर्न पब्लिक स्कूल में सोमवार को वार्षिकोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। क्षेत्रीय विधायक रामफेरन पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि उपजिलाधिकारी इकौना विशिष्ट अतिथि थे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। विधायक पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज को नई दिशा प्रदान करती है और सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। वार्षिकोत्सव में विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आकर्षक झांकियों की प्रस्तुतियां दीं। दर्शकों ने नन्हे कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इन प्रस्तुतियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और नैतिक मूल्यों को दर्शाया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रबंधक राम सूरत शुक्ला, अध्यक्ष राम कुमार शुक्ला, रणजीत मिश्र, उमेश मिश्रा, राम लखन, उमाशंकर तथा समस्त स्टाफ ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वार्षिकोत्सव का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।











































