इकौना में बैटरी दुकान में आग:लाखों का सामान जला, जनहानि नहीं, जांच जारी

5
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के इकौना विकासखंड स्थित बाजार मोहल्ला गौतम नगर में ब्लॉक परिसर के सामने इसरार बैटरी की दुकान में अचानक आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखे बैटरी, इनवर्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जल गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। इसरार बैटरी दुकान के मालिक और कांग्रेस जिला महासचिव एहसान चौधरी, वसीउल्ला चौधरी, रजीउल्ला चौधरी सहित आसपास के लोगों ने शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासन ने इलेक्ट्रॉनिक दुकानों के मालिकों से सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने और अग्निशमन उपकरण रखने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Advertisement