
श्रावस्ती और बहराइच जिले की सीमा पर हुए एक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। यह घटना गोबार गांव के पास हुई। मृतक और घायल सभी गिलौला थाना क्षेत्र के मसढ़ी गांव के निवासी हैं। वे जम्मू-कश्मीर से काम करके अपने घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, बाइक पर तीन लोग सवार थे। श्रावस्ती-बहराइच सीमा पर गोबार गांव के पास सामने से आ रही एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुए दो लोगों को तुरंत गिलौला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।











































