मकुनहवा कुटी पर संत सम्मेलन का समापन:महंत सत्यप्रकाश पाठक ने संतों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया

5
Advertisement

ललिया थाना क्षेत्र के मकुनहवा कुटी आश्रम में आयोजित परंपरागत धार्मिक अनुष्ठान का मंगलवार को समापन हो गया। इस अवसर पर दूर-दराज से आए संत-महंतों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में आश्रम के महंत सत्यप्रकाश पाठक ने सभी संत-महंतों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया और उन्हें विदाई दी। यह आयोजन आश्रम की परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान आश्रम परिसर भजन, कीर्तन, सत्संग और गुरु-वंदना से गूंजता रहा। इसमें सत्यनाम पाठ, गुरु महिमा पाठ, भजन संध्या, पूजा-अर्चना और सामूहिक आरती जैसे विशेष आयोजन किए गए। महंत सत्यप्रकाश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि सद्गुरु कबीर साहेब की वाणी मानव जीवन को प्रकाश के मार्ग पर ले जाती है और अज्ञानता को दूर करती है। ललिया के महंत सुरेंद्र नाथ शुक्ल ने बताया कि कबीर साहेब ने मानवता को जाति-पाति से ऊपर उठकर एकता और प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनकी वाणी आज भी समाज को सही दिशा दिखाती है। महंत सुरेंद्र नाथ शुक्ल ने यह भी कहा कि मकुनहवा कुटी आश्रम सदियों से श्रद्धा और भक्ति का केंद्र रहा है। यहां संत-महंतों द्वारा समाज को नैतिकता, सदाचार, परोपकार, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलने की शिक्षा दी जाती है। श्रद्धालुओं ने संत-महंतों से आशीर्वाद प्राप्त किया और सत्संग तथा गुरु-वाणी के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संत रामदास, जगजीवन दास, अचरज गिरी, रामानुजाचार्य, बैरागी दास सहित कई अन्य साधु-संत उपस्थित रहे।
यहां भी पढ़े:  बेघर महिला ने सरयू में जल-समाधि की चेतावनी दी:7 साल से न्याय न मिलने पर प्रशासन को भेजा पत्र
Advertisement